आईफैक्स की 91वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी में चयनित होने व पुरस्कृत होने में बड़े कला केंद्रों के मुकाबले छोटे शहरों के कलाकारों के काम को मिली तरजीह बदलते कला वातावरण का ही नतीजा है
आईफैक्स (ऑल इंडिया फाईन ऑर्ट्स एंड क्राफ्ट्स सोसायटी) की 91 वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी समकालीन कला परिदृश्य में देश के दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, वडोदरा जैसे बड़े कला केंद्रों के मुकाबले छोटे और कला के क्षेत्र में अनजान से शहरों के कलाकारों की बढ़ती सक्रियता तथा उपलब्धियों का एक दिलचस्प नजारा प्रस्तुत करती है । छोटे व कला के क्षेत्र में अनजान से शहरों के कलाकारों ने न सिर्फ वार्षिक कला प्रदर्शनी के लिए चयनित होने के मामले में बड़े कला केंद्रों के कलाकारों को कड़ी टक्कर दी है, बल्कि पुरस्कृत होने के मामले में भी बेहतर 'प्रदर्शन' किया है । आमतौर पर माना/समझा जाता है - और ठीक ही माना/समझा जाता है - कि बड़े कला केंद्रों में चूँकि सुविधाओं और सक्रियताओं का जोर रहता है, इसलिए वहाँ के कलाकार ज्यादा चेतनासंपन्न होते हैं और उनकी अभिव्यक्ति कम से कम सधी हुई तो होती ही है; जबकि सुविधाओं व सक्रियताओं के अभाव में छोटे कला केंद्रों में उदासीन व निराशाजनक स्थिति होने के कारण वहाँ के कलाकारों के लिए अपनी पहचान बना पाना और मुख्य धारा में शामिल हो पाना काफी मुश...