कोच्ची-म्युज़िरिस बिएनाले के चौथे संस्करण के लिए अनिता दुबे को क्युरेटर बना कर एक महिला कलाकार पर भरोसा करके कोच्ची-म्युज़िरिस बिएनाले के आयोजकों द्वारा लूटी गई वाहवाही पर हैशटैग मीटू अभियान ने लेकिन पूरी तरह से पानी फेर दिया है
कोच्ची-म्युज़िरिस बिएनाले की तैयारियों को जैसे ग्रहण लग गया है । केरल में आई विनाशकारी बाढ़ से हुए नुकसान को तो बिएनाले की तैयारियों ने किसी तरह झेल लिया था, लेकिन बिएनाले से जुड़े रियाज कोमु, राहुल भट्टाचार्या तथा वॉल्सन कूरमा कोल्लेरी जैसे बड़े नामों के मीटू हैशटैग में फँसने के चलते कोच्ची-म्युज़िरिस बिएनाले खासी मुसीबत में फँस गया है, और इससे उबरने की तमाम कोशिशों के बावजूद बिएनाले की तैयारियाँ सुस्त पड़ गई हैं । तैयारियाँ यूँ तो चल रही हैं, लेकिन बिएनाले से जुड़े लोगों का ही कहना है कि उनमें पहले जैसा जोश व उत्साह नहीं है । बिएनाले के लिए वॉलिंटियर्स के चुनाव का काम तो लगभग ठप ही बताया/सुना जा रहा है, क्योंकि वॉलिंटियरिंग के लिए युवा कलाकार आने रुक गए हैं । बिएनाले से जुड़े लोगों का कहना/बताना है कि बिएनाले से जुड़े बड़े और प्रभावी लोगों के यौन उत्पीड़न के आरोपों के घेरे में आने के बाद बिएनाले के बाकी पदाधिकारी मनोवैज्ञानिक व नैतिक दबाव में आ गए हैं, जिसके चलते बिएनाले की तैयारियों पर खासा प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है । उल्लेखनीय है कि मीटू हैशटैग की चपेट में आए...