।। रंगीला जोकर ऑफ द ग्रेट इंडियन सर्कस ।।
भारत की आजादी की लड़ाई के दौर में पली-बढ़ी तथा स्वतंत्रता के तुरंत बाद के दौर में सर्जनात्मक रूप से सक्रिय हुई पीढ़ी के अग्रणी नामों में एक मक़बूल फ़िदा हुसेन के निधन को आज सात वर्ष हो गए हैं । आधुनिक भारतीय चित्रकला में निर्णायक परिवर्तन लाने वाले चुनिंदा चित्रकारों में एक हुसेन साहेब में 96 वर्षीय जीवन के अंतिम दिनों तक भी जो ऊर्जा और रचनात्मक बेचैनी थी, वह अपवादस्वरूप ही दिखाई देती है । हुसेन साहेब की ख्याति एक चित्रकार के रूप में तो है ही, पर उनका कवि रूप भी उल्लेखनीय है । कविता में, खासकर हिंदी कविता में उनकी गहरी दिलचस्पी थी । उन्होंने खुद भी समय समय पर कविताएँ लिखीं । दुबई और लंदन में निर्वासित जीवन जीते हुए जीवन के अंतिम वर्षों में तो उन्होंने नियमित रूप से बहुत सी कविताएँ लिखीं । उनमें से जो कविताएँ सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो सकीं, उनमें 'रंगीला जोकर ऑफ द ग्रेट इंडियन सर्कस' शीर्षक कविता मुझे खास तौर से संवेदित करती हुई लगती रही है । तीन जुलाई 2008 को लिखी गई यह कविता लिखे जाने के करीब एक महीने बाद हुसेन साहेब ने अपने सम्मान में लंदन में आयोजित हुए रात्र...