गढ़ी में 'संडे ऑर्ट हाट' उर्फ ठेले पर कला
ललित कला अकादमी के गढ़ी रीजनल सेंटर में पिछले कुछ रविवारों से 'संडे ऑर्ट हाट' देखने को मिल रहा है, जहाँ चित्रकार/कलाकार अपनी अपनी पेंटिंग्स और या स्कल्प्चर को पटरी बाजार की दुकानों की तरह सजाते हैं, और उनके बिकने का इंतजार करते रहते हैं । बीच बीच में ऊबते हुए एक दूसरे की 'दुकान' पर बैठ कर गप्पें करते हैं और शाम ढलते अपनी अपनी दुकान समेट कर घर लौट जाते हैं । यह नजारा देख कर मुझे गढ़ी के पूर्व निदेशक नरेंद्र दीक्षित की याद हो आई । नरेंद्र दीक्षित जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से रिटायर होने के बाद करीब तीन वर्ष गढ़ी के निदेशक रहे थे । प्रख्यात ब्रिटिश पेंटर और प्रिंटमेकर स्टेनले विलियम हेतर से 'ग्रावुरे' जैसी प्रिंटिंग तकनीक सीखने और पेरिस स्थित 'अटेलिएर 17' में साठ के दशक के अंत में तब के प्रमुख चित्रकारों के साथ काम कर चुके नरेंद्र दीक्षित ने अपने चित्रों की दिल्ली, पेरिस व कोपेनहेगेन में दस एकल प्रदर्शनियाँ की थीं, तथा देश-विदेश में आयोजित हुईं 22 समूह प्रदर्शनियों में उनके चित्र प्रदर्शित हुए हैं । बात अप्रैल 2000 में दिल्ली के...